यूपी में तीनों सीटों पर भाजपा पीछे, गुजरात में और मजबूत हुई, हिमाचल ने उलझाया

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के रूझान आने शुरू हो गए हैं। उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा, रामपुर और खतौली विधानसभा उप चुनाव की मतगणना शुरू हो गई है।

यूपी में तीनों सीटों पर भाजपा पीछे, गुजरात में और मजबूत हुई, हिमाचल ने उलझाया

उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा, रामपुर और खतौली विधानसभा उप चुनाव की मतगणना शुरू हो गई है। चुनाव परिणाम के रुझान 12 बजे तक आ जाएंगे और परिणाम देर शाम तक घोषित होने की उम्मीद है। भाजपा, सपा और रालोद ने उप चुनाव में जीत का दावा किया है।

शिवपाल यादव के विधानसभा क्षेत्र जसवंतनगर में सपा को बड़ी बढ़त मिली है। यहां आठवें राउंड के बाद डिंपल यादव 21 हजार से अधिक वोटों से आगे हैं। डिंपल को 36664 और भाजपा के रघुराज सिंह को 15175 वोट मिले हैं। 

गुजरात चुनाव का परिणाम आज (आठ दिसंबर) घोषित हो जाएगा। मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू हो चुकी है। इससे यह भी साफ हो जाएगा कि गुजरात में 27 साल से कायम भाजपा का राज आगे जारी रहेगा या सत्ता के लिए विपक्ष का लंबा इंतजार खत्म होगा। हालांकि, तमाम एग्जिट पोल ने पहले ही अनुमान लगाया है कि इस बार भाजपा की जीत का नया रिकॉर्ड बनेगा। यही नहीं पिछले कई चुनावों से ज्यादा सीटें मिलने का भी अनुमान है। 

182 सीटों वाले गुजरात में इस बार कुल 1621 प्रत्याशी मैदान में थे। इनमें मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा से लेकर गुजरात सरकार के कई मंत्री तक की किस्मत भी दांव पर है। इसके अलावा आज ही पाटीदार आंदोलन चलाने वाले हार्दिक पटेल, आम आदमी पार्टी की तरफ से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार इसुदान गढ़वी, कांग्रेस नेता इंद्रनील राजगुरू जैसे दिग्गज नेताओं के भाग्य का भी फैसला हो जाएगा। 

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के रूझान आने शुरू हो गए हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सराज सीट से आगे चल रहे हैं। सबसे बड़ा झटका शिक्षामंत्री गोविंद ठाकुर को लग रहा है। गोविंद ठाकुर मनाली से चुनाव लड़े थे और शुरुआती रूझानों में अभी वो पीछे चल रहे हैं। इस बार सूबे की 68 सीटों पर कुल 412 प्रत्याशी मैदान में थे। 

सराज सीट से सूबे के मौजूदा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर खुद भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े। शुरुआती रूझानों के अनुसार जयराम ठाकुर अभी आगे चल रहे हैं। शिमला ग्रामीण इस सीट से कांग्रेस के विक्रमादित्य सिंह आगे चल रहे हैं। विक्रमादित्य सिंह पूर्व मुख्यमंत्री राजा वीरभद्र सिंह के बेटे हैं। शिमला में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी संजय सूद पीछे चल रहे हैं। संजय सूद चाय की दुकान चलाते हैं और पूरे हिमाचल प्रदेश में चायवाले के नाम से मशहूर हैं।