नोएडा में महिला से अभद्रता के आरोपी श्रीकांत त्यागी के घर में हुए अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर

नोएडा अथॉरिटी की टीम ने श्रीकांत त्यागी के घर में अवैध निर्माण को तोड़ा। बुलडोजर और अथॉरिटी के लोगों ने अवैध निर्माण को गिराया। श्रीकांत त्यागी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

नोएडा में महिला से अभद्रता के आरोपी श्रीकांत त्यागी के घर में हुए अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर

नोएडा के सेक्टर-93बी स्थित ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में महिला से अभद्रता के मामले के मुख्य आरोपी श्रीकांत त्यागी के खिलाफ कार्रवाई जारी है। सोमवार सुबह नोएडा अथॉरिटी की नोएडा के सेक्टर 93 में ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी पहुंची और श्रीकांत त्यागी के आवास में हुए अवैध निर्माण पर कार्रवाई शुरू की। टीम ने श्रीकांत द्वारा कॉमन क्षेत्र और पार्किंग में किए गए अवैध निर्माण को गिराने की कार्रवाई की। नोएडा अथॉरिटी के कुछ लोग फावड़ा और हथौड़े चलाया।  

 बता दें कि श्रीकांत त्यागी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। श्रीकांत की आखिरी लोकेशन उत्तराखंड के ऋषिकेश में मिली है। कई बार उसका मोबाइल स्विच ऑफ और ऑन हुआ। नोएडा पुलिस की कई टीम उत्तराखंड में श्रीकांत त्यागी की तलाश में जुटी हैं। मामले में फरार चल रहे श्रीकांत त्यागी की अंतिम लोकेशन ऋषिकेश में मिलने के खबर पर कोतवाली प्रभारी रवि सैनी ने बताया कि शाम को नोएडा पुलिस का फोन आया था। नोएडा पुलिस ने ऋषिकेश पुलिस से श्रीकांत त्यागी की तलाश के लिए मदद मांगी थी, लेकिन 10 मिनट बाद नोएडा पुलिस का फोन आया कि वह नहीं आ रहे हैं। 

सोमवार सुबह नोएडा अथॉरिटी की नोएडा के सेक्टर 93 में ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी पहुंची और श्रीकांत त्यागी के आवास में हुए अवैध निर्माण पर कार्रवाई शुरू कर दी। 

जानिए क्या है मामला, सोसाइटी की महिलाओं का आरोप है कि श्रीकांत ने सत्ता की हनक दिखाते हुए पौधे लगाकर एक स्थान पर कब्जा करने का प्रयास किया। जब महिलाओं ने उन्हें रोका तो उन्होंने एक महिला से अभद्रता की और जमकर गालियां दीं। पति के बीचबचाव करने पर उन्हें भी धमकी दी गई। इसके बाद सोसाइटी की अन्य महिलाओं ने विरोध जताना शुरू कर दिया। इसके बावजूद आरोपी ने महिला को धमकाते हुए कहा, ‘तुम पौधे टच करोगी तो मैं तुम्हें टच करूंगा।’ इसके बाद महिलाओं की नाराजगी और बढ़ गई। 

वहीं, सोसाइटी के लोगों ने सभी पौधों को उखाड़ दिया। करीब चार घंटे तक सोसाइटी में विवाद चलता रहा। वहीं, घटना का वीडियो कुछ ही देर में वायरल हो गया। इसके बाद शहर के लोगों ने आरोपी के खिलाफ भड़ास निकालनी शुरू कर दी। सोशल मीडिया पर लोगों ने तरह-तरह की टिप्पणियों से नाराजगी जताई।

ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में रहने वाले श्रीकांत त्यागी का शुक्रवार को कुछ पौधे लगाने को लेकर महिलाओं से विवाद हो गया था। महिलाओं ने श्रीकांत त्यागी पर पौधे लगाकर जमीन कब्जाने का आरोप लगाया। श्रीकांत ने एक महिला से अभद्रता करते हुए गालियां देकर धमकाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आरोपी नेता के खिलाफ पुलिस ने छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए दिल्ली महिला आयोग की चेयरमैन स्वाति मालीवाल ने भी नाराजगी जताते हुए नोएडा पुलिस से सख्त कार्रवाई करने की मांग की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी नेता के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया।

श्रीकांत त्यागी मामले पर यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि सीएम ने पूरे मामले का संज्ञान लिया है, हम आरोपी को छोड़ेंगे नहीं। कानून तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।