कांग्रेसी नेता शिवराज पाटिल का विवादित बयान- गीता में भी है जिहाद, श्रीकृष्ण ने अर्जुन को पढ़ाया

एक किताब के विमोचन में शामिल हुए शिवराज पाटिल ने कह दिया कि जिहाद सिर्फ कुरान में नहीं है, बल्कि गीता में भी जिहाद है, जीसस में भी जिहाद है. उनके इस एक बयान पर राजनीतिक गलियारों में बड़ा बवाल खड़ा हो सकता है.

कांग्रेसी नेता शिवराज पाटिल का विवादित बयान- गीता में भी है जिहाद, श्रीकृष्ण ने अर्जुन को पढ़ाया

कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व गृह मंत्री शिवराज पाटिल ने ऐसा बयान दे दिया है, जिस पर बवाल हो सकता है. एक किताब के विमोचन में शामिल हुए शिवराज पाटिल ने कह दिया कि जिहाद सिर्फ कुरान में नहीं है, बल्कि गीता में भी जिहाद है, जीसस में भी जिहाद है. उनके इस एक बयान पर राजनीतिक गलियारों में बड़ा बवाल खड़ा हो सकता है.

शिवराज पाटिल की गिनती कांग्रेस के सीनियर नेताओं में होती है. वह महाराष्ट्र से आते हैं. शिवराज पाटिल लातूर से सांसद रह चुके हैं. 2014 के बाद से इस सीट पर बीजेपी का कब्जा रहा है. बीजेपी यहां पर निकाय का चुनाव भी जीतती रही है. 

शिवराज पाटिल 1980 से कई बार केंद्र में मंत्री रहे.  26/11 मुंबई आतंकी हमले के समय वह गृह मंत्री थे. 2010 में शिवराज पाटिल को पंजाब का राज्यपाल और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ का प्रशासक नियुक्त किया गया.

कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई की जीवनी के विमोचन पर बोलते हुए पूर्व लोकसभा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री पाटिल ने कहा कि ऐसा कहा जाता है कि इस्लाम धर्म में जिहाद की बहुत चर्चा है. उन्होंने कहा कि यह अवधारणा तब सामने आती है जब सही इरादे और सही काम करने के बावजूद कोई नहीं समझता, तब कहा जाता है कि कोई बल प्रयोग कर सकता है.  

उन्होंने अपनी टिप्पणी में दावा किया कि सिर्फ कुरान में ही नहीं, महाभारत में भी गीता के हिस्से में श्री कृष्ण भी अर्जुन से जिहाद की बात करते हैं और यह बात सिर्फ कुरान या गीता में नहीं बल्कि ईसाई धर्म में भी है.

उन्होंने कहा कि अगर सब कुछ समझाने के बाद भी लोग समझ नहीं रहे हैं, हथियार लेकर आ रहे हैं तो आप भाग नहीं सकते, आप इसे जिहाद नहीं कह सकते और आप इसे गलत नहीं कह सकते। इसे समझना चाहिए। हाथ में हथियार के साथ लोगों को समझाने की यह अवधारणा नहीं होनी चाहिए। पाटिल ने आगे कहा कि मोहसिना किदवई की किताब भी अपने धर्म का पालन करते हुए सभी धर्मों का सम्मान करने की बात करती है। उन्होंने यह भी कहा कि दुनिया में शांति की जरूरत है.

पाटिल की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने एक ट्वीट में कहा कि आप के गोपाल इटालिया और राजेंद्र पाल के बाद अब कांग्रेस के शिवराज पाटिल का कहना है कि श्री कृष्ण ने अर्जुन को 'जिहाद' सिखाया। पूनावाला ने ट्वीट किया कि कांग्रेस ने हिंदू/भगवा आतंक गढ़ा, राम मंदिर का विरोध किया, राम जी के अस्तित्व पर सवाल उठाया। कांग्रेस ने हिंदुत्व की तुलना आईएसआईएस से की.