योगी सरकार का जताया आभार, भाजपा नेता के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, महिलाओं ने कहा- हम लोगों को रक्षाबंधन का उपहार मिल गया

वरुणा एंक्लेव कॉलोनी में भाजपा नेता अखंड सिंह के अवैध निर्माण ध्वस्तीकरण का सोसायटी की महिलाओं ने स्वागत किया। कार्रवाई के साथ शिकायत करने वाली सोसायटी की महिलाएं हर-हर महादेव का नारा लगाने लगीं। महिलाओं ने कहा- आज हम लोगों को रक्षाबंधन का असली उपहार मिल गया।

योगी सरकार का जताया आभार, भाजपा नेता के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, महिलाओं ने कहा- हम लोगों को रक्षाबंधन का उपहार मिल गया

भाजपा जिला उपाध्यक्ष अखंड सिंह के अवैध निर्माण के खिलाफ महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया था। सोसायटी की डॉ. अमृता कात्यायनी, डाली सिंह, पूर्णिमा सिंह, रश्मि सिंह, शशिकला सिंह, कल्पना वर्मा समेत कई महिलाएं कई महीने पहले इसकी शिकायत की थी। उनका आरोप था कि भाजपा नेता के कार्यालय में तथाकथित लोगों के आने से परिसर में टहलना मुश्किल हो गया। उनकी गाड़ियां बेतरतीब खड़ी रहती थीं।

सोसायटी के लोगों का कहना है कि अवैध निर्माण के खिलाफ मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, वीडीए उपाध्यक्ष से शिकायत की गई थी, लेकिन सत्ता का हनक दिखाते हुए भाजपा नेता ने कार्यालय बना लिया था। बाद में शिकायत करने वाली महिलाएं वीडीए उपाध्यक्ष ईशा दुहन के पास पहुंचीं और पूरी बात बताई। वीडीए उपाध्यक्ष ने जोनल अधिकारी परमानंद यादव के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई का निर्देश दिया। अवैध निर्माण की शिकायतों के बीच भाजपा नेता ने तहसील की रिपोर्ट के आधार पर जमीन पर अपने मालिकाना हक का भी दावा किया था। वह खुद को केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय का करीबी व प्रतिनिधि बताकर भी धौंस जमाता है। हालांकि वीडीए ने फिलहाल अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की है।

वरुणा एंक्लेव कॉलोनी में भाजपा नेता अखंड सिंह के अवैध निर्माण ध्वस्तीकरण का सोसायटी की महिलाओं ने स्वागत किया। कार्रवाई के साथ शिकायत करने वाली सोसायटी की महिलाएं हर-हर महादेव का नारा लगाने लगीं। महिलाओं ने कहा- आज हम लोगों को रक्षाबंधन का असली उपहार मिल गया। अवैध निर्माण पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के बाद शिकायत करने वाली महिलाओं ने योगी सरकार का आभार जताया और योगी-मोदी जिंदाबाद के नारे लगाए। इसके साथ ही महिलाओं ने वीडीए और पुलिस प्रशासन के जिंदाबाद का नारा लगाया। सोसाइटी की डॉ. किरण ने कहा कि बुलडोजर सत्यमेव जयते का प्रतीक है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद जताया।