विधायक से मंत्री तक- केवल मनीष सिसोदिया ही नहीं, AAP के ये मंत्री खा चुके हैं जेल की हवा

राजनीति में 10 साल पहले आने वाली आम आदमी पार्टी ने जिस तेजी से संगठन का विस्तार किया है, उतने ही विवादों से लेकर घोटाले की वजह से सुर्खियों में रही है। AAP के अब तक 5 मंत्रियों को अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। एक दिन पहले दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को सीबीआई ने आबकारी नीति मामले में गिरफ्तार किया है।

विधायक से मंत्री तक- केवल मनीष सिसोदिया ही नहीं, AAP के ये मंत्री खा चुके हैं जेल की हवा

ईमानदारी का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी की पंजाब और दिल्ली में सरकार है। हालाँकि दोनों ही राज्यों में AAP के मंत्री जेल की हवा खाते नजर आते हैं। शराब घोटाले में फँसे दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को भी रविवार (26 फरवरी 2023) को गिरफ्तार कर लिया गया। अब तक आम आदमी पार्टी के कई मंत्री जेल जा चुके हैं।
राजनीति में 10 साल पहले आने वाली आम आदमी पार्टी ने जिस तेजी से संगठन का विस्तार किया है, उतने ही विवादों से लेकर घोटाले की वजह से सुर्खियों में रही है। AAP के अब तक 5 मंत्रियों को अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। एक दिन पहले दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को सीबीआई ने आबकारी नीति मामले में गिरफ्तार किया है। 10 महीने पहले स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग केस में अरेस्ट किया था। इसके अलावा, एक मंत्री फर्जी डिग्री, एक सीडी कांड में फंसने से जेल गया है। पांचवां मंत्री पंजाब की भगवंत मान सरकार में रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार हुआ है। AAP के कई विधायक और नेता भी विवादों में आए और जेल भेजे गए हैं।
बता दे कि अन्ना हजारे के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन में सक्रिय रहे अरविंद केजरीवाल ने राजनीति में आने का फैसला लिया था। 2 अक्टूबर 2012 को आम आदमी पार्टी का गठन किया गया। उसके बाद केजरीवाल के नेतृत्व में 2013 में दिल्ली विधानसभा के चुनावी मैदान में कूदे। तब 28 सीटें जीतकर केजरीवाल ने सबको चौंका दिया था। इस चुनाव में 8 सीटें जीतने वाली कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी को बिना शर्त समर्थन देकर सरकार बनाने का रास्ता साफ किया था। केजरीवाल पहली बार सीएम बने थे। आप नेतृत्व का कहना है कि पार्टी भ्रष्टाचार के मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई करती है।
मनीष सिसोदिया :
खुद को दिल्ली का मालिक बताने वाले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खासदार और दिल्ली सरकार में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का नाम इस सूची में टॉप पर है। दिल्ली की नई शराब नीति को लेकर हुए घोटाले के आरोप में सीबीआई ने उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया था। इसके बाद अब गिरफ्तारी हुई है। इस मामले में सीबीआई और ईडी ने उनके घर समेत कई ठिकानों पर छापेमारी भी की थी। देखना होगा सिसोदिया को कितने दिनों तक जेल की रोटियाँ खानी पड़ेंगीं।
सत्येंद्र जैन :
दिल्ली सरकार में जेल मंत्री रहे सत्येंद्र जैन लंबे समय से सीबीआई और ईडी के निशाने पर रहे हैं। ईडी अब तक उनकी 4.81 करोड़ रुपए की संपत्ति भी जब्त कर चुकी है। कोलकाता की एक कंपनी से जुड़े अवैध लेन देन के मामले में वह लंबे समय से जेल में हैं। इसके अलावा उन पर अवैध लेन देन के कुछ अन्य आरोप भी हैं।
सोमनाथ भारती :
जेल जाने वाले आप नेताओं की बात हो और उसमें सोमनाथ भारती का नाम न हो, ऐसा हो ही नहीं हो सकता। केजरीवाल सरकार में कानून मंत्री रहे सोमनाथ भारती को अपनी पत्नी के हत्या के प्रयास और घरेलू हिंसा के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा, एम्स हॉस्पिटल की दीवार तोड़ने की कोशिश करने वाली भीड़ का नेतृत्व करने और हॉस्पिटल के सुरक्षाकर्मियों पर पथराव करने के आरोप में भी वह जेल की सजा काट चुके हैं। कोर्ट ने उन्हें मार्च 2021 में दो साल की जेल की सजा सुनाई थी।
जितेंद्र तोमर :
केजरीवाल सरकार में कानून मंत्री रहे जितेंद्र तोमर को फर्जी डिग्री मामले में जेल जाना पड़ा था। एक RTI में खुलासा हुआ था कि उनकी वकालत की डिग्री फर्जी है। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद हाई कोर्ट ने जितेंद्र सिंह तोमर के चुनाव को रद्द कर दिया था।
संदीप कुमार :
आम आदमी पार्टी सरकार में मंत्री रहे संदीप कुमार राशन कार्ड बनवाने के बहाने महिला से रेप के आरोप में जेल जा चुके हैं। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि वह AAP नेता संदीप कुमार के पास राशन कार्ड बनवाने के लिए गई थी। जहाँ उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया। इसके बाद उसके साथ बलात्कार किया। इस घटना की एक सीडी भी सामने आई थी। इसको लेकर दिल्ली की सियासत में जमकर बवाल हुआ था।
विजय सिंगला :
पंजाब की भगवंत मान सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे विजय सिंगला पर अधिकारियों से प्रत्येक ठेके पर एक पर्सेंट कमीशन माँगने का आरोप लगा था। आरोप लगने के बाद उन्हें मंत्री पद गँवाना पड़ा और फिर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
इन मंत्रियों के अलावा, दिल्ली, पंजाब और गुजरात में आम आदमी पार्टी के ऐसे कई नेता और विधायक हैं जो जेल जा चुके हैं। इसमें दिल्ली के विधायक अमानतुल्लाह खान और ताहिर खान से लेकर पंजाब विधायक अमित रतन और गुजरात आप के प्रदेशाध्यक्ष गोपाल इटालिया का नाम शामिल है।