दहेज के लिए पत्नी और बेटी को लगाई आग, आरोपी पति को पुलिस ने किया गिरफ्तार

सुल्तानपुर के कादीपुर क्षेत्र के तवक्कापुर नगरा में रविवार को एक महिला और उसकी तीन साल की बेटी की जलने से मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने कहा कि लक्ष्मी नामक महिला की आयु 25 साल की थी और उसकी बेटी का नाम रिद्धि था। लक्ष्मी के परिवारवालों ने ससुराल वालों पर दहेज का आरोप लगाया है।

दहेज के लिए पत्नी और बेटी को लगाई आग, आरोपी पति को पुलिस ने किया गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर के कादीपुर क्षेत्र के तवक्कापुर नगरा से इस दुखद वाकये की खबर आ रही है। बताय जा रहा है कि सुल्तानपुर के कादीपुर क्षेत्र के तवक्कापुर नगरा में रविवार को एक महिला और उसकी तीन साल की बेटी की जलने से मौत हो गई।  पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने कहा कि लक्ष्मी नामक महिला की आयु  25 साल की थी और उसकी बेटी का नाम रिद्धि था।  लक्ष्मी के परिवारवालों ने ससुराल वालों पर दहेज का आरोप लगाया है।  पीड़िता की मां बरफा देवी की शिकायत पर लक्ष्मी के पति अरविंद चौरसिया और उसके ससुराल वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

पीड़ित महिला ने रविवार सुबह करीब 8 बजे घटना को अंजाम दिया है। पति अरविंद चौरसिया का कहना है कि जब वह सुबह करीब 9 बजे खेत से घर पर वापस आया, तो पत्नी और बच्ची का शव पड़ा था। अरविंद के साथ उसके पिता चंद्रराम चौरसिया, मां राजकुमारी देवी और छोटा भाई गोलू चौरसिया भी खेत से साथ में वापस आए थे। मृतका लक्ष्मी की मां ने इन सभी पर दहेज हत्या का केस दर्ज करवाया है।

मृतका लक्ष्मी की मां बरफा देवी का कहना है, ''मेरी बेटी की शादी 2018 में सुल्तानपुर में हुई थी। शादी के बाद से ही उसको दहेज के लिए परेशान किया जाने लगा। हम लोगों ने अपनी हैसियत के हिसाब से दहेज दिया था, लेकिन ससुराल वाले लालची थे। वे लोग लोग लगातार पैसे और जमीन की मांग किया करते थे। मेरी बेटी को प्रताड़ित करते थे। उसको मारते-पीटते थे। खाना तक नहीं देते थे।''

उन्होंने बताया, ''इन सब विवादों के बीच मेरी बेटी प्रेग्नेंट हो गई। तब हम लोगों को लगा कि मामला शांत हो जाएगा, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। बेटी होने के बाद से मेरी बेटी को और ज्यादा परेशान किया जाने लगा। मेरी नातिन को भी घर में कोई प्यार नहीं करता था। सब मेरी बेटी से घर छोड़ने को बोलते थे।'' 

''हम लोगों के पास लगभग 2 बीघा जमीन है। मेरा दामाद हमेशा मेरी बेटी से उस जमीन को उसके नाम करवाने की बात बोलता था। वह कहता था, तेरा भाई तो कम बुद्धि वाला है। वो उस जमीन का क्या करेगा? वो तुम हम लोगों को दे दो तो कुछ काम कर लें। इसके अलावा वो पैसे और दहेज भी मांगता था।''

''मेरे दामाद के मां-बाप और छोटे भाई ने मिलकर ही मेरी बेटी को जलाया है। ये लोग झूठ बोल रहे हैं। कुछ दिन पहले भी इन लोगों ने मेरी बेटी को मारा था। इन्हीं सब ने मेरी बेटी को जिंदा जलाया है। मेरी 3 साल की नातिन को जलाते हुए इन लोगों को जरा भी तरस नहीं आया। पता होता ये लोग ऐसा करेंगे, तो अपनी बेटी और नातिन को यहां से ले जाती।''

मामले में पड़ोस के लोगों का कहना है, ''इतनी बड़ी घटना हो गई, लेकिन हम लोगों को इसकी भनक तक नहीं लग पाई। पुलिस और परिवार के आने पर हम लोगों को इसकी जानकारी हुई। तब हम लोग घर से बाहर आए। ज्यादा तो हम लोगों को नहीं पता था, लेकिन इनके घर में लड़ाई तो अक्सर होती रहती थी। लक्ष्मी भी ज्यादा घर से बाहर नहीं निकलती थी। उसकी बेटी की मौत के बारे में सुनकर हम लोगों को बहुत बुरा लग रहा है। लोगों को ऐसे मामलों में बच्चों को नहीं खींचना चाहिए।''

पुलिस ने चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।  बरफा देवी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि लक्ष्मी की 12 मई, 2018 को चौरसिया से शादी हुई थी और तब से दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। CO कादीपुर शिवम मिश्रा ने मीडिया के हवाले से बताया, ''मृतका के सुसराल वालों ने भी आत्महत्या की तहरीर दी है। जांच की जा रही है। सोमवार को पोस्टमॉर्टम के बाद रिपोर्ट आएगी। जिसके बाद ही तस्वीर साफ हो पाएगी। मृतका के पति से पूछताछ की जा रही है। घर से साक्ष्यों को जमा किया गया है।''